जमशेदपुर : जिले में जनगणना कार्य के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में पूरे जिले में नियुक्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के बीच जनगणना किट का वितरण किया गया। नगर निकाय क्षेत्र के एक पर्यवेक्षक एवं चार प्रगणकों को उपायुक्त राजीव रंजन ने स्वयं किट प्रदान कर कार्य की औपचारिक शुरुआत की।
इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं। ऐसे में आंकड़ों की शत-प्रतिशत सटीकता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने प्रगणकों को घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार की सही एवं विस्तृत जानकारी संकलित करने तथा सभी विवरणों को सावधानीपूर्वक दर्ज करने का निर्देश दिया। वहीं पर्यवेक्षकों को संपूर्ण प्रक्रिया की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार की नीतियों, योजनाओं एवं विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सभी कर्मियों को गंभीरता, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
