जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भालूबासा रोड नंबर-9 में बंद पड़े एक मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में नाराजगी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पी.के. पटनायक का घर पिछले कई दिनों से बंद था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोर देर रात मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और घर में रखे नकदी समेत कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी तब हुई जब पड़ोसियों ने घर का टूटा हुआ ताला देखा। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना सीतारामडेरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरों को पहले से इस बात की जानकारी थी कि मकान कई दिनों से बंद पड़ा है। इधर, लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।
