July 26, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर में 27 जुलाई को गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग पर निकलेगी विशाल शोभायात्रा

जमशेदपुर में 27 जुलाई को गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग पर निकलेगी विशाल शोभायात्रा

जमशेदपुर : जमशेदपुर में गो सम्मान अभियान के तहत 27 जुलाई को गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर विशाल शोभायात्रा और पैदल मार्च निकाला जाएगा। अभियान के तहत एक लाख लोगों के हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा।

शनिवार शाम बिष्टुपुर स्थित चैम्बर भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में गो सम्मान अभियान के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी विनय कुमार शर्मा ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से गौ संरक्षण, गौ संवर्धन और गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से देशभर में जनजागरण अभियान चला रही है।

इसी क्रम में जिलेभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें अब तक लगभग एक लाख लोगों का समर्थन प्राप्त हो चुका है।

उन्होंने बताया कि 27 जुलाई की सुबह 7 बजे टाटानगर गौशाला, जुगसलाई से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी। यह यात्रा जुगसलाई के मुख्य मार्गों से होते हुए घोड़ा चौक तक पहुंचेगी।

इसके बाद अभियान से जुड़े कार्यकर्ता और समर्थक बसों के माध्यम से साकची स्थित बोधि मैदान पहुंचेंगे, जहां शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु और नागरिक भी इसमें शामिल होंगे।

सुबह 8 बजे बोधि मैदान से सभी प्रतिभागी “श्री राम-राम, जय-जय राम” विजय मंत्र का सामूहिक जाप करते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च करेंगे। वहां जिला प्रशासन को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।

अभियान के प्रतिनिधियों ने बताया कि ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने के साथ-साथ गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रभावी और स्थायी नीति बनाने की मांग भी शामिल होगी।

अभियान के पदाधिकारियों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा और पैदल मार्च में शामिल होकर इस जनअभियान को सफल बनाने की अपील की है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading