July 26, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

सरयू राय के प्रस्तावित धरने पर मेयर समर्थकों का पलटवार, ठेकेदार के बिल भुगतान के लिए दबाव बनाने का लगाया आरोप

सरयू राय के प्रस्तावित धरने पर मेयर समर्थकों का पलटवार, ठेकेदार के बिल भुगतान के लिए दबाव बनाने का लगाया आरोप

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले का जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र आजकल सुर्खियों में है। एक ओर विधायक सरयू राय तो दूसरी ओर मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता हैं। दोनों ओर से बयानबाजी का दौर जारी है। विधायक ने निगम की कथित मनमानी को लेकर सोमवार को मानगो गांधी मैदान में धरना देंगे। दूसरी ओर रविवार को मेयर समर्थकों ने धरना प्रदर्शन से पहले ही विधायक की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं।

मानगो की मेयर सुधा गुप्ता के समर्थकों ने विधायक के आंदोलन पर सवाल उठाते हुए उन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

रविवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के आप्त सचिव ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि विधायक सरयू राय जनता के मुद्दों की आड़ में राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन का उद्देश्य एक पसंदीदा संवेदक (ठेकेदार) के रुके हुए बिल का भुगतान करवाने के लिए दबाव बनाना है।

प्रेस वार्ता के दौरान ओम प्रकाश सिंह ने जीएनएसी के उपनगर आयुक्त कृष्ण कुमार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि मानगो क्षेत्र में मेयर सुधा गुप्ता के नेतृत्व में युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है और कई इलाकों में नियमित रूप से कचरा उठाव तथा नालों की सफाई कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि टाटा स्टील यूटिलिटी सर्विसेज (टीएसयूएस) ने भी क्षेत्र में सफाई कार्य शुरू कर दिया है और उसके द्वारा नालों की सफाई तेजी से कराई जा रही है। ऐसे समय में सफाई व्यवस्था को लेकर आंदोलन करना उचित नहीं है।

ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि यदि क्षेत्र में सफाई कार्य तेज गति से चल रहा है और प्रशासन सक्रिय है, तब भी आंदोलन की तैयारी करना उसके पीछे की मंशा पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है।

उधर, इस पूरे विवाद पर विधायक सरयू राय की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। 27 जुलाई को प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर मानगो की राजनीति में सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है और आने वाले दिनों में यह विवाद और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading