रांची : झारखंड की राजधानी Ranchi के बेड़ों इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने टावर से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बिरसा उरांव के रूप में हुई है। वह गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार बिरसा उरांव का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के बाद युवक काफी तनाव और गुस्से में था। इसी दौरान वह बेड़ों इलाके में स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने काफी देर तक उसे नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश की। कुछ लोगों ने उससे बातचीत कर शांत कराने का प्रयास भी किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक काफी देर तक टावर पर बैठा रहा और फिर अचानक नीचे छलांग लगा दी।
टावर से गिरते ही युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और युवक को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रेम प्रसंग और विवाद के एंगल से पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
