July 25, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
अपराध

विक्रम शर्मा हत्याकांड : जमशेदपुर में आरोपी बागबेड़ा निवासी आकाश प्रसाद के घर कुर्की, शूटर्स नेटवर्क की तलाश तेज

विक्रम शर्मा हत्याकांड : जमशेदपुर में आरोपी बागबेड़ा निवासी आकाश प्रसाद के घर कुर्की, शूटर्स नेटवर्क की तलाश तेज

जमशेदपुर : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित सिल्वर सिटी मॉल में 13 फरवरी 2026 को हुए गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड की जांच अब तेज हो गई है। मामले में देहरादून पुलिस ने रविवार देर शाम झारखंड के जमशेदपुर स्थित बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बजरंग टेकरी निवासी आकाश प्रसाद के घर पर कुर्की की कार्रवाई की।

देहरादून पुलिस बागबेड़ा थाना पुलिस के साथ आरोपी के घर पहुंची और वहां से कई सामान जब्त किए। जब्त सामानों की सूची तैयार कर सभी वस्तुओं को बागबेड़ा थाना के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार फरार आरोपी आकाश प्रसाद हत्या के समय घटनास्थल पर मौजूद था। जांच में खुलासा हुआ है कि उसने शूटर्स को मौके से भगाने में अहम भूमिका निभाई थी। कुर्की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को भी हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ के बाद पुलिस टीम उसे साथ लेकर संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, ताकि अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

इस मामले में देहरादून पुलिस को हाल ही में बड़ी सफलता तब मिली थी, जब एक लाख रुपये के इनामी आरोपी यशराज सिंह को 13 मई को सहारनपुर रेलवे स्टेशन रोड स्थित सूर्यलोक होटल के सामने से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि 12 मई को यशराज अपने पिता के वकील से मिलने हरिद्वार गया था। वहां से वह कानूनी सलाह लेने सहारनपुर पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया।

हरिद्वार पुलिस के मुताबिक, यशराज सिंह के कहने पर ही रांची से शूटरों को दिल्ली फ्लाइट के जरिए भेजा गया था। अब पुलिस दिल्ली में शूटर्स के ठहरने के ठिकानों और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस को इस हत्याकांड में कई और गिरफ्तारियों की संभावना है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading