जमशेदपुर: लौहनगरी के मानगोउलीडीह थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया।
मानगो फ्लाईओवर निर्माण कार्य में जुटी कंपनी के सुपरवाइजर और असिस्टेंट मैनेजर का हथियार के बल पर अपहरण कर लिया गया।
हालांकि, जमशेदपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर न केवल दोनों अधिकारियों को सकुशल बरामद किया, बल्कि घटना में शामिल 5 किडनैपर्स को भी दबोच लिया है।
देर रात ‘सिग्नेचर बिल्डिंग’ के पास से उठाया
घटना 14-15 मई की रात करीब 3 बजे की है। फ्लाईओवर निर्माण कंपनी के सुपरवाइजर विजय कुमार ओझा और असिस्टेंट मैनेजर डिमना रोड स्थित सिग्नेचर बिल्डिंग के पास काम के सिलसिले में मौजूद थे।
इसी दौरान एक सफेद रंग की बिना नंबर वाली बोलेरो वहां रुकी।
वाहन से उतरे पांच युवकों ने अधिकारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, फिर उन्हें जबरन गाड़ी में लादकर फरार हो गए।
10 लाख की डिमांड और पुलिस की घेराबंदी
अपहरण के बाद आरोपियों ने कंपनी और परिजनों से 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की।
घटना के बाद कंपनी के अन्य कर्मियों ने तुरंत उलीडीह ओपी (थाना) पहुंचकर मामले की जानकारी दी।
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर मानगो गौड़ बस्ती में छापेमारी की, जहाँ दोनों को बंधक बनाकर रखा गया था।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित पांच आरोपियों शिवा गौड़, नितेश गोप,आकाश प्रधान, देवाशीष गोप और शैलेश गोप को गिरफ्तार किया है।
बरामदगी: पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद बोलेरो (फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई) और 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

