आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा बीएसएनएल कार्यालय के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रेलर से तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी देर तक सड़क पर पड़ा तड़पता रहा। बाद में पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान रोहित कुमार पाठक (28) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह देर रात अपनी बाइक से गम्हरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान बीएसएनएल कार्यालय के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उसकी बाइक भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और रोहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद युवक काफी देर तक सड़क पर ही पड़ा रहा। राहगीरों की सूचना पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ट्रेलर खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन चालक ने सुरक्षा के लिए कोई चेतावनी संकेत या रिफ्लेक्टर लगाया था या नहीं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर अक्सर बड़े वाहन अवैध रूप से सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
