July 30, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

पश्चिम सिंहभूम : चाईबासा में सघन वाहन जांच अभियान, 23 वाहनों से वसूला गया 25 हजार रुपये जुर्माना

पश्चिम सिंहभूम : चाईबासा में सघन वाहन जांच अभियान, 23 वाहनों से वसूला गया 25 हजार रुपये जुर्माना

हेलमेट और सीट बेल्ट जांच पर विशेष जोर, परिवहन विभाग ने दी सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की चेतावनी

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला परिवहन विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। सोमवार को जिला परिवहन कार्यालय की ओर से चाईबासा के सरायकेला मोड़ के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 23 वाहनों से कुल 25 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।

यह अभियान मोटरयान निरीक्षक नेल्सन तिर्की और कृष्णा सोरेन के नेतृत्व में चलाया गया। जांच के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके अलावा वाहनों के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी कागजात की भी जांच की गई।

हेलमेट नहीं पहनने वालों पर विशेष नजर

मौके पर मौजूद मोटरयान निरीक्षकों ने बताया कि जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहनों की भागीदारी सबसे अधिक है। दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें उन लोगों की हो रही हैं जो हेलमेट का इस्तेमाल नहीं करते।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा के लिए जरूरी है। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने से गंभीर दुर्घटनाओं में जान जाने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

जिलेभर में जारी रहेगा अभियान

जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार इस तरह का जांच अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

डीटीओ ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में सड़क सुरक्षा से जुड़े अभियानों को और तेज किया जाएगा।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading