गुमला : आज एक सड़क हादसे में दो घरों का चिराग बुझ गया। झारखंड के गुमला जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक पुल से नीचे गिर गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक ने समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, बाइक का अनियंत्रित होना और हेलमेट नहीं पहनना हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
खरका पुल के पास हुआ दर्दनाक हादसा
गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित खरका पुल के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान बड़काडीह गांव निवासी 25 वर्षीय मंगरा उरांव और 24 वर्षीय चरकू उरांव के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल सूरज उरांव को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद सदर अस्पताल में उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
मछली खरीदने निकले थे तीनों युवक
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बड़काडीह गांव की ओर जा रहे थे। रास्ते में मंगरा उरांव ने मछली खाने की इच्छा जताई, जिसके बाद वे खरका पुल के पास मछली खरीदने के लिए मुड़ गए। पुल के समीप पहुंचते ही तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल से नीचे जा गिरी।
एक युवक ने छलांग लगाकर बचाई जान
हादसे के दौरान सूरज उरांव ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए समय रहते बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं मंगरा उरांव और चरकू उरांव बाइक के साथ नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल तीनों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मंगरा उरांव और चरकू उरांव को मृत घोषित कर दिया।
हेलमेट नहीं पहनने से सिर में आई गंभीर चोट
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और बाइक का संतुलन बिगड़ना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। साथ ही यह भी सामने आया है कि तीनों युवक बिना हेलमेट के सफर कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, मृत दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं, जो उनकी मौत का प्रमुख कारण बनीं।
इनपुट: आईएएनएस