चाईबासा। कोल्हान समेत देशभर में साइबर अपराध के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सरकार और पुलिस प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ऐसा ही एक मामला पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा से सामने आया है।
सदर थाना क्षेत्र के गांधी टोला निवासी बजरंग प्रसाद ने दो कथित साइबर अपराधियों निशु निषाद और देवेंद्र परिहार के खिलाफ सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि दोनों ने उनके और उनकी पत्नी के बैंक खातों से अवैध रूप से कुल 43 हजार रुपये की निकासी कर ली।
पीड़ित द्वारा दर्ज कराए गए मामले के अनुसार, 16 मई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे उनकी पत्नी पुष्पा गुप्ता के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, चाईबासा शाखा स्थित खाते से गूगल पे के माध्यम से 20 हजार रुपये की अवैध निकासी की गई। इसके कुछ ही मिनट बाद करीब 3:02 बजे बजरंग प्रसाद के कोटक महिंद्रा बैंक खाते से भी 23 हजार रुपये निकाल लिए गए।
घटना के दौरान घबराहट में उन्होंने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। बाद में शाम करीब 4 बजे जब मोबाइल दोबारा चालू किया गया, तब उन्हें दो मैसेज प्राप्त हुए, जिनमें निशु निषाद और देवेंद्र परिहार का नाम सामने आया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
