July 30, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

WEST SINGHBHUM 20 मई को पश्चिम सिंहभूम में बंद रहेंगी दवा दुकानें, केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन का आह्वानई-फार्मेसी, कॉरपोरेट दबाव और दवा कारोबार से जुड़े मुद्दों को लेकर देशव्यापी बंद का समर्थन

WEST SINGHBHUM 20 मई को पश्चिम सिंहभूम में बंद रहेंगी दवा दुकानें, केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन का आह्वानई-फार्मेसी, कॉरपोरेट दबाव और दवा कारोबार से जुड़े मुद्दों को लेकर देशव्यापी बंद का समर्थन

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने 20 मई को जिले की सभी थोक एवं खुदरा दवा दुकानों को बंद रखने का आह्वान किया है। यह बंद राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स तथा झारखंड केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के आह्वान पर देशव्यापी स्तर पर किया जा रहा है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश ठक्कर और सचिव रमेश खिरवाल ने बताया कि देशभर के 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट्स एवं दवा वितरकों का प्रतिनिधित्व करने वाला राष्ट्रीय संगठन लंबे समय से केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष दवा व्यापार एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े गंभीर मुद्दों को उठा रहा है, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने कहा कि स्थिति अब बेहद चिंताजनक हो चुकी है।


ई-फार्मेसी संचालन पर जताई चिंता

एसोसिएशन ने अवैध ई-फार्मेसी के बढ़ते संचालन को जनस्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बताया। उनका कहना है कि बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए। साथ ही प्रिस्क्रिप्शन के दुरुपयोग, एंटीबायोटिक्स और हैबिट फार्मिंग दवाओं की आसान उपलब्धता तथा नकली या सत्यापन रहित पर्चों के इस्तेमाल पर नियंत्रण जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ऐसी अनियमितताओं से एंटी-माइक्रोबियल रेजिस्टेंस का खतरा लगातार बढ़ रहा है, जो भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य संकट का कारण बन सकता है।

इन मांगों को लेकर हो रहा बंद

एसोसिएशन ने जिन प्रमुख मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया है, उनमें शामिल हैं—
अवैध ई-फार्मेसी संचालन पर रोक
28 अगस्त 2018 की अधिसूचना जीएसआर 817(ई) की वापसी
बड़े कॉरपोरेट समूहों द्वारा प्रीडेटरी प्राइसिंग पर नियंत्रण
26 मार्च 2020 की अधिसूचना जीएसआर 220(ई) की वापसी

जिलावासियों से सहयोग की अपील

एसोसिएशन ने कहा कि औषधि कोई सामान्य वस्तु नहीं है और इसकी बिक्री व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही जनस्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है। संगठन ने आम लोगों से अपील की है कि वे जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और लाखों केमिस्ट्स की आजीविका के संरक्षण के लिए इस बंद का समर्थन करें।
इस संबंध में पश्चिम सिंहभूम के उपायुक्त, जगन्नाथपुर अनुमंडल पदाधिकारी तथा चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी को भी पत्र भेजकर सरकार से आवश्यक अनुशंसा करने का आग्रह किया गया है।
एसोसिएशन ने लोगों से 20 मई को संभावित असुविधा से बचने के लिए आवश्यक दवाइयों की पूर्व व्यवस्था कर लेने और बंद के दौरान सहयोग करने की अपील की है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading