July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

आदित्यपुर मेडिट्रीना अस्पताल के ICU में लगी आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका; सभी मरीज सुरक्षित, बड़ा हादसा टला

आदित्यपुर मेडिट्रीना अस्पताल के ICU में लगी आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका; सभी मरीज सुरक्षित, बड़ा हादसा टला

आदित्यपुर: सरायकेला खरसावां जिले के औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेडिट्रीना अस्पताल में शुक्रवार सुबह आईसीयू (ICU) वार्ड में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही अस्पताल प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और आईसीयू में भर्ती सभी मरीजों को सुरक्षित दूसरे वार्डों में स्थानांतरित कर दिया। समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

अस्पताल के स्थानीय प्रमुख राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रही है। आग की सूचना मिलते ही अस्पताल के कर्मचारियों ने सबसे पहले मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और अस्पताल में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने का प्रयास किया।

हालांकि आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद झारखंड अग्निशमन विभाग को तत्काल सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

घटना में किसी मरीज, चिकित्सक या अस्पताल कर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग की चपेट में आने से आईसीयू में लगे कई महंगे चिकित्सा उपकरण, फर्नीचर और अन्य संसाधन क्षतिग्रस्त हो गए। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। वहीं अस्पताल प्रशासन ने मरीजों के इलाज की वैकल्पिक व्यवस्था अन्य वार्डों में कर दी है, जिससे चिकित्सा सेवाएं प्रभावित न हों।

अस्पताल परिसर में आग लगने के कारण कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन अस्पताल प्रशासन, कर्मचारियों और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।

समय रहते मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लेने और आग पर काबू पा लेने से एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading