July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

अरका जैन विश्वविद्यालय के बाहर छात्रों के दो गुटों में हिंसक झड़प, वीडियो वायरल

अरका जैन विश्वविद्यालय के बाहर छात्रों के दो गुटों में हिंसक झड़प, वीडियो वायरल

फेयरवेल समारोह के बाद कार ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद, लात-घूंसे और डंडों से हुई मारपीट

जमशेदपुर : Arka Jain University के मुख्य द्वार के बाहर आयोजित फेयरवेल समारोह की खुशियां उस समय अफरा-तफरी में बदल गईं, जब पासआउट छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। पॉलिटेक्निक और बीबीए विभाग के छात्रों के बीच हुई हिंसक मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद गम्हरिया थाना क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार 15 मई की शाम विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद छात्र अपनी-अपनी कारों से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान मुख्य द्वार के बाहर कार ओवरटेक करने को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से पुरानी रंजिश भी थी, जिसके कारण मामला और अधिक बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार दोनों गुटों के युवक कारों पर सवार थे। विवाद बढ़ने पर छात्रों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे और डंडों से हमला कर दिया।

इसी बीच शुभम नामक युवक ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपनी जेब से लाइटर पिस्टल निकाल ली, जो देखने में असली हथियार जैसी प्रतीत हो रही थी। आरोप है कि उसने लाइटर पिस्टल के बट से विरोधी गुट की कार का शीशा तोड़ दिया।

वायरल वीडियो में युवक सड़क पर खुलेआम मारपीट करते और एक-दूसरे को धमकाते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading