जमशेदपुर : शहर और आसपास के इलाकों में बीते 72 घंटे के दौरान कई वाहनों में आग लगने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि कुछ को आंशिक नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जांच में अधिकांश मामलों में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
इसी क्रम में मंगलवार सुबह बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलुंग पुल के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब पांच बजे बहरागोड़ा से जमशेदपुर की ओर आ रही एक चलती हाईवा में अचानक आग लग गई। आग लगते ही वाहन से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार हाईवा संख्या जेएच02एएक्स 2778 जैसे ही हुरलुंग पुल के समीप पहुंची, वाहन के इंजन वाले हिस्से से धुआं निकलना शुरू हो गया। चालक दिलीप गोप ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और बाहर निकल गया। चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा आग फैलने से गंभीर नुकसान हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, जिससे आग पूरे वाहन में फैलने से पहले नियंत्रित हो सकी। हालांकि इस घटना में हाईवा को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। लगातार वाहनों में आग लगने की घटनाओं को देखते हुए लोगों ने प्रशासन से वाहन फिटनेस और तकनीकी जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
