सभी मंडल अस्पतालों में ICU, वेंटिलेटर व डायलिसिस की सुविधा मिलेगी
रेलवे अस्पतालों में नियमित व पूर्णकालिक डॉक्टरों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी
चक्रधरपुर : South Eastern Railway Men’s Union की वर्ष 2026 की पहली जोनल PNM बैठक 21 और 22 मई को कोलकाता स्थित महाप्रबंधक सभागार में संपन्न हुई। दो दिवसीय बैठक में रेलवे कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसके बाद रेलवे प्रबंधन ने कई महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति जताई। बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन, मुख्य कार्मिक अधिकारी महेंद्र प्रसाद समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यूनियन की ओर से महासचिव Gautam Mukherjee, अध्यक्ष Malay Banerjee तथा चक्रधरपुर मंडल के केंद्रीय पदाधिकारी एम.के. सिंह, जवाहर लाल, शिवजी शर्मा और ए.के. सिंह सहित सभी मंडलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में कर्मचारियों के स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सहमति बनी कि दक्षिण पूर्व रेलवे के सभी मंडल अस्पतालों में ICU, वेंटिलेटर और डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा रेलवे अस्पतालों में नियमित एवं पूर्णकालिक डॉक्टरों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। टिकट चेकिंग स्टाफ के लिए हावड़ा में बेहतर रेस्ट रूम व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय भी लिया गया।
रेलवे कर्मचारियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर निशुल्क शौचालय और वाहन पार्किंग की व्यवस्था करने पर सहमति बनी। चक्रधरपुर मंडल के ट्रेन मैनेजरों के लिए हावड़ा रनिंग रूम में अतिरिक्त बेड उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं सरडेगा स्टेशन भवन में यात्रियों और कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिफ्ट लगाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में “सिस्टर लाबी” प्रावधान को समाप्त करने पर भी सहमति बनी। साथ ही रनिंग कर्मचारियों से अत्यधिक घंटे कार्य कराने संबंधी आदेश को जल्द समाप्त करने का आश्वासन दिया गया। लंबे समय से लंबित TA, OT और NDA भुगतान को शीघ्र जारी करने पर भी सहमति बनी। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि इन फैसलों से कर्मचारियों के कार्य और जीवन दोनों में सकारात्मक सुधार आएगा।
