July 26, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

सरायकेला-कांड्रा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, टाटा मैजिक पेड़ से टकराई; पांच यात्री गंभीर

सरायकेला-कांड्रा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, टाटा मैजिक पेड़ से टकराई; पांच यात्री गंभीर

गम्हरिया: सरायकेला-कांड्रा मार्ग पर चाडरी पहाड़ी के समीप गुरुवार को एक तेज रफ्तार टाटा मैजिक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में गुरुवारी कालिंदी, घनश्याम प्रधान, बबलू सामड़, निशा बानरा और उषा बानरा शामिल हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जमशेदपुर रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि सभी यात्री जमशेदपुर से टाटा मैजिक में सवार होकर अपने घर सरायकेला लौट रहे थे। यात्रियों के अनुसार चालक वाहन को काफी तेज गति से चला रहा था। रास्ते में कई बार यात्रियों ने उसे धीमी गति से गाड़ी चलाने की सलाह दी, लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी। चालक लंबे समय से लापरवाही और अनियंत्रित तरीके से वाहन चला रहा था।

इसी दौरान चाडरी पहाड़ी के पास चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और टाटा मैजिक सीधे सड़क किनारे एक बड़े पेड़ से जा टकराई। घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading