July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
अपराध

जमशेदपुर में बड़ी वारदात टली, देसी पिस्तौल और गोलियों के साथ युवक गिरफ्तार

जमशेदपुर में बड़ी वारदात टली, देसी पिस्तौल और गोलियों के साथ युवक गिरफ्तार

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया। बुधवार देर रात वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ओलीडीह ओपी क्षेत्र के लक्ष्मण नगर छठ घाट के पास एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।

सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा बचनदेव कुजूर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लक्ष्मण नगर छठ घाट इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्तौल और तीन जिंदा गोलियां बरामद की गईं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विश्वजीत सिंह उर्फ रॉकी (33) के रूप में हुई है। वह लक्ष्मण नगर स्थित सुभाष कॉलोनी डिमना रोड का निवासी बताया गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने हथियार बिहार के बक्सर से 30 हजार रुपये में खरीदा था। वह इलाके में अपना दबदबा कायम करने, व्यवसायियों से रंगदारी वसूलने और लोगों में दहशत फैलाने की योजना बना रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले से एमजीएम थाना में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में दो मामले दर्ज हैं। इससे साफ है कि वह पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

इस मामले में ओलीडीह ओपी थाना में कांड संख्या 117/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 (1-B) ए/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा हुआ है या अकेले ही वारदात की योजना बना रहा था।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading