बहरागोड़ा: बहरागोड़ा में सावन माह की पहली सोमवारी पर शिवालयों में श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। त्रिवेणी संगम स्थित ऐतिहासिक बाबा चित्रेश्वर धाम समेत क्षेत्र के सभी शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से पहुंचे श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि की कामना की।
सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आया। सुबह से ही विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। मंदिर परिसरों में गूंजते ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
तीन राज्यों झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के त्रिवेणी संगम पर स्थित ऐतिहासिक बाबा चित्रेश्वर शिव मंदिर में पहली सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विशेष पूजा के दौरान भगवान शिव के शिवलिंग पर 1008 बेलपत्र अर्पित किए गए और श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक किया।
भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर समिति ने जलाभिषेक हेतु अरघा सिस्टम की व्यवस्था की थी, जिससे श्रद्धालु कतारबद्ध होकर सुचारु रूप से पूजा-अर्चना कर सके। वहीं विभिन्न गांवों से कांवड़िए नदी से पवित्र जल भरकर कांवड़ यात्रा के साथ मंदिर पहुंचे। पूरे मार्ग में ‘बोल बम’ के जयघोष से माहौल शिवमय बना रहा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर बरसोल थाना पुलिस की तैनाती की गई थी। इसके अलावा बहरागोड़ा क्षेत्र के अन्य शिव मंदिरों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और पूरे क्षेत्र में सावन की पहली सोमवारी आस्था और उत्साह के साथ मनाई गई।
