चक्रधरपुर/रांची: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में अमोनिया गैस रिसाव से प्रभावित पश्चिमी सिंहभूम के 14 प्रवासी मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। जिला प्रशासन ने उनकी सकुशल घर वापसी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
सभी मजदूरों को पहले रांची लाया जाएगा, जहां से उन्हें रेल मार्ग से राउरकेला भेजा जाएगा। इसके बाद चक्रधरपुर पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से विशेष वाहनों की व्यवस्था कर सभी श्रमिकों को उनके गांव और घर तक सुरक्षित पहुंचाया जाएगा। प्रभावित मजदूरों के परिवार को वापसी की सूचना मिलते ही उनके परिवार में खुशी की लहर है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर 42 मजदूरों की वापसी की प्रक्रिया तेज
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद श्रम विभाग ने तमिलनाडु में कार्यरत झारखंड के कुल 42 प्रवासी मजदूरों को वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी श्रमिक ट्रेन के माध्यम से झारखंड के लिए रवाना हो चुके हैं। प्रशासन लगातार उनके सफर की निगरानी कर रहा है ताकि सभी सुरक्षित अपने घर पहुंच सकें।
21 जून को हुआ था अमोनिया गैस रिसाव
गौरतलब है कि 21 जून को तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले स्थित सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट फैसिलिटी में अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था। इस हादसे में कई झारखंडी प्रवासी मजदूर प्रभावित हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले का संज्ञान लिया और सभी प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
अधिकारियों ने चलाया लगातार समन्वय अभियान
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद श्रम विभाग, राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष और संबंधित अधिकारियों ने तिरुवल्लूर जिला प्रशासन, तमिलनाडु श्रम विभाग, रेलवे बोर्ड, दक्षिण रेलवे तथा अस्पताल प्रशासन के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया। 24 घंटे चले इस अभियान के जरिए प्रभावित श्रमिकों को सुरक्षित निकालने और झारखंड भेजने की व्यवस्था की गई।
हादसे में धनबाद की महिला श्रमिक की हुई थी मौत
इस गैस रिसाव हादसे में धनबाद निवासी प्रवासी श्रमिक प्रीति देवी की चेन्नई के राजीव गांधी सरकारी सामान्य अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
झारखंड सरकार की पहल पर मृतका के परिजनों को तमिलनाडु बुलाने, शव की पहचान, पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी कराई गईं। तमिलनाडु सरकार के सहयोग से उनका पार्थिव शरीर मंगलवार शाम हवाई मार्ग से बिरसा मुंडा हवाई अड्डा, रांची पहुंचने की व्यवस्था की गई।
नियोक्ता से लगातार संपर्क में राज्य सरकार, परिजनों को मिलेगा मुआवजा
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष नियोक्ता और संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। सरकार का प्रयास है कि मृतक श्रमिक के परिजनों को नियमानुसार मिलने वाला मुआवजा और अन्य सभी वैधानिक लाभ जल्द से जल्द उपलब्ध कराए जाएं।
