September 3, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

Himanshu Singh Murder Case: 48 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद करेगा BJP, मशाल जुलूस का भी ऐलान

Himanshu Singh Murder Case: 48 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद करेगा BJP, मशाल जुलूस का भी ऐलान

जमशेदपुर : हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर शहर के लोगों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक दाह संस्कार को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। इस बीच बिष्टुपुर में पुलिस की मौजूदगी में हुई हिमांशु सिंह की हत्या को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर ने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो 3 जुलाई को पूरे जमशेदपुर में बंद का आह्वान किया जाएगा।

महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गहरी चिंता जताई और दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।

भाजपा ने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि के भीतर हिमांशु सिंह हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, घटना के समय मौजूद दोषी पुलिसकर्मियों पर प्राथमिकी दर्ज करने तथा शहर में कानून-व्यवस्था सुधारने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो 3 जुलाई को पूरे जमशेदपुर में बंद आयोजित किया जाएगा।

2 जुलाई को निकलेगा मशाल जुलूस

भाजपा ने घोषणा की है कि 3 जुलाई के प्रस्तावित बंद से पहले 2 जुलाई को शहर के सभी मंडल क्षेत्रों में कार्यकर्ता आम नागरिकों के साथ मशाल जुलूस निकालेंगे। इस दौरान राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ जनाक्रोश व्यक्त किया जाएगा।

ज्ञापन में कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

जिला उपायुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में भाजपा ने कहा कि कभी शांति और औद्योगिक विकास के लिए पहचान रखने वाला जमशेदपुर अब हत्या, चाकूबाजी, लूट, चोरी, अवैध लॉटरी, नशे के कारोबार, महिलाओं से चेन स्नैचिंग और अन्य संगठित अपराधों का केंद्र बनता जा रहा है। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है।

भाजपा की प्रमुख मांगें

भाजपा ने प्रशासन के समक्ष कई मांगें रखीं। इनमें शोकाकुल परिवार की इच्छा के अनुरूप 48 घंटे के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को शीघ्र कठोर सजा दिलाना तथा घटना के समय मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग शामिल है।

इसके अलावा शहर में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर आम लोगों का विश्वास बहाल करने की भी मांग की गई।

संजीव सिन्हा ने सरकार पर साधा निशाना

मीडिया से बातचीत में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नशा मुक्ति अभियान की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य और जमशेदपुर में शराब दुकानों की संख्या बढ़ाई जा रही है तथा देर रात तक दुकानें खुली रखने की अनुमति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। संरक्षणकारी नीतियों के कारण नशे का अवैध कारोबार और अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है।

“अपराधियों में कानून का डर खत्म”

संजीव सिन्हा ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में बिष्टुपुर जैसे व्यस्त इलाके में एक युवक की हत्या होना इस बात का प्रमाण है कि अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में अपराधी खुलेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं, जबकि प्रशासन पूरी तरह असहाय और निष्क्रिय नजर आ रहा है।

उन्होंने कहा कि हिमांशु सिंह को न्याय दिलाने, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई सुनिश्चित कराने और शहर में कानून का राज स्थापित करने के लिए भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।

प्रशासन को दी जनआंदोलन की चेतावनी

भाजपा ने कहा कि यदि प्रशासन ने जनता की भावनाओं की अनदेखी की, तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। पार्टी का दावा है कि 3 जुलाई का प्रस्तावित जमशेदपुर बंद ऐतिहासिक होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और राज्य सरकार की होगी।

प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह, जितेंद्र राय, मानगो मंडल अध्यक्ष बिनोद राय, बिष्टुपुर मंडल अध्यक्ष मारुति नंदन पांडेय, साकची पश्चिम मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, कदमा मंडल अध्यक्ष उपेंद्र गिरी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

  • टाउन पोस्ट एक स्वतंत्र और विश्वसनीय समाचार पोर्टल है, जो पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

हमें फॉलो करें

ताज़ा खबरों और अपडेट के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading