गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया में मकान खाली कराने पहुंची एक बुजुर्ग महिला पर किराएदार ने खौलती दाल फेंक दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद आरोपी ने 24 घंटे के भीतर मकान खाली कर दिया, जबकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
गम्हरिया के डीवीसी मोड़ स्थित सनराइज एनक्लेव के समीप एक किराएदार की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। मकान खाली करने का आग्रह करने पर आरोपी ने मकान मालिक बुजुर्ग महिला के ऊपर खौलती दाल फेंक दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
घायल महिला की पहचान वैदेही शर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार, वैदेही शर्मा ने वर्ष 2023 में अपना मकान जादूमणि साहू नामक व्यक्ति को किराए पर दिया था। किरायानामा (एग्रीमेंट) की अवधि समाप्त होने के बावजूद आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से मकान खाली नहीं कर रहा था।
इस दौरान महिला ने कई बार नोटिस देकर और व्यक्तिगत रूप से अनुरोध कर मकान खाली करने को कहा, लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला।
बताया जाता है कि 25 जून को वैदेही शर्मा स्वयं किराएदार से मकान खाली कराने पहुंचीं। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर जादूमणि साहू ने उनके ऊपर खौलती हुई दाल फेंक दी। गर्म दाल शरीर पर गिरने से महिला गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह को मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए आरोपी किराएदार को 24 घंटे के भीतर मकान खाली करने का निर्देश दिया। पुलिस की सख्ती के बाद आरोपी ने मकान खाली कर दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
घटना के बाद इलाके के लोगों में भी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों के कारण अब लोगों में मकान किराए पर देने को लेकर भय और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
