बेगूसराय : बिहार के बेगूसराय जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। पति से विवाद के बाद एक महिला कुएं में कूद गई और करीब छह घंटे तक पानी में बैठी रही। वह लगातार पुलिस को बुलाने और अपनी सुरक्षा की गारंटी देने की मांग करती रही। आखिरकार हाई वोल्डेज ड्रामा के बाद निकाली गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, मामला मंझौल चट्टी रोड स्थित वार्ड संख्या-12 के शिव मंदिर परिसर के समीप का है। बताया जाता है कि सुजीत कुमार भारती की पत्नी सीमा कुमारी का किसी बात को लेकर पति से विवाद हो गया था। विवाद के बाद गुस्से में आकर वह घर के पास स्थित कुएं में कूद गई। हालांकि कुएं में पानी कम होने के कारण उसकी जान बच गई।
कुएं में उतरने के बाद महिला बाहर आने से इनकार करती रही। वह अपने पति पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस बुलाने की मांग करती रही। इस दौरान कुएं के बाहर खड़ा उसका छोटा बच्चा लगातार रोते हुए मां से बाहर आने की गुहार लगाता रहा, लेकिन महिला अपनी बात पर अड़ी रही।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने रस्सी, बांस और सीढ़ी की मदद से महिला को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन उसने सभी कोशिशों को ठुकरा दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंझौल थाना की एसआई रितिका कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने काफी देर तक महिला को समझाया और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थानीय युवक नवीन पासवान और अनिल सहनी सीढ़ी के सहारे कुएं में उतरे तथा महिला को रस्सी से बांधकर सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद महिला को अनुमंडलीय अस्पताल मंझौल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया।
पड़ोसियों व परिजनों के मुताबिक कुछ समय पहले उसके भाई की मृत्यु हो गई थी। उसके बाद वह मानसिक तनाव में रह रही थी। परिजन उसका इलाज भी करा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
