![]()
भागलपुर, 6 जून (आईएएनएस)। बिहार में भागलपुर के सबौर स्थित बिहार कृषि विश्वविद्यालय में 27 और 28 जून को दो दिवसीय भव्य आम समागम-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष आम समागम की थीम “स्वाद, संस्कृति और समृद्धि का संगम” तय की गई है। बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) इसका उद्घाटन करेंगे।
इस अवसर पर राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक, उद्यमी, प्रगतिशील किसान, कृषि विशेषज्ञ तथा आम प्रेमी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
आम समागम की तैयारियों को लेकर शनिवार को बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। आम समागम के दौरान “आधुनिक तकनीक से गुणवत्तायुक्त आम उत्पादन, भंडारण एवं प्रसंस्करण” विषय पर राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में देश के विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों एवं कृषि संगठनों से आमंत्रित विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे।
कार्यशाला में आम उत्पादन की नवीनतम तकनीकों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, फसल सुरक्षा, कटाई के उपरांत प्रबंधन, गुणवत्ता संरक्षण, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग तथा विपणन के आधुनिक तरीकों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। आम समागम में देशभर की सैकड़ों आम किस्मों की भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
आने वाले विभिन्न स्वाद, रंग, आकार एवं विशेषताओं वाले दुर्लभ एवं लोकप्रिय आमों को एक ही स्थान पर देख सकेंगे। इसके अतिरिक्त, आम आधारित उत्पादों, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों, मूल्य संवर्धित उत्पादों, कृषि स्टार्टअप तथा कृषि नवाचारों से संबंधित स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
आयोजन समिति ने आम उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे अपने बागों में उपलब्ध उत्कृष्ट एवं विशिष्ट किस्मों के आम प्रदर्शनी के लिए लेकर आएं। प्रदर्शनी में प्रदर्शित आमों का मूल्यांकन विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रविष्टियों को सम्मानित किया जाएगा। किसानों को अपनी श्रेष्ठ आम किस्मों के प्रदर्शन एवं पुरस्कार प्राप्त करने का विशेष अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान विशेष “किसान-वैज्ञानिक सम्मान समारोह” आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर बिहार के चारों कृषि जोनों के उत्कृष्ट आम उत्पादक किसानों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश एवं झारखंड के चयनित श्रेष्ठ आम उत्पादक को “बेस्ट मैंगो फार्मर अवार्ड” प्रदान किया जाएगा।
कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल आम के स्वाद का उत्सव नहीं, बल्कि किसानों की आय वृद्धि, वैज्ञानिक नवाचार, कृषि उद्यमिता, सांस्कृतिक विरासत एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का एक व्यापक अभियान है। आम अनुसंधान, नवाचार, प्रसार शिक्षा एवं प्रौद्योगिकी विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वैज्ञानिकों को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
आम प्रेमियों के लिए रोमांचक “मैंगो ईटिंग प्रतियोगिता” का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे। यह प्रतियोगिता आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
एमएनपीवीसी
