गम्हरिया : सरायकेला खरसावां जिले के जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्र संख्या 164 एवं 166 के लिए नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा कार्यभार ग्रहण नहीं किए जाने का मामला सामने आया है।
इसे निर्वाचन कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी, गम्हरिया ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां को पत्र भेजकर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मतदान केंद्र संख्या 164 के लिए मध्य विद्यालय उत्तमडीह की शिक्षिका रेणुका महतो तथा मतदान केंद्र संख्या 166 के लिए यूपीएचसी सापड़ा की स्वास्थ्य सहिया रीता देवी को बीएलओ के रूप में नियुक्त किया गया था। हालांकि, दोनों कर्मियों ने अब तक अपना कार्यभार ग्रहण नहीं किया है।
अंचल अधिकारी ने अपने पत्र में कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में नियुक्त कर्मियों द्वारा दायित्वों का निर्वहन नहीं किए जाने से निर्वाचन संबंधी कार्य प्रभावित हो सकते हैं तथा कार्यक्रम के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न होने की आशंका है।
इसी को देखते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि रेणुका महतो एवं रीता देवी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी कहा गया है कि निर्वाचन कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की बाधा न आए और जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि पुनरीक्षण कार्यक्रम का कार्य समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।
