बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले के झरनाडीह में भाईचारे और त्याग की एक मार्मिक घटना सामने आई है। चचेरे भाई की जान बचाने के लिए एक युवक ने अपनी जान की परवाह नहीं की और गहरे तालाब में छलांग लगा दी। उसने डूब रहे भाई को तो सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद गहरे पानी में फंसकर जान गंवा बैठा।
घटना चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के झरनाडीह स्थित ग्रामीण तालाब की है। जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय दीपक यादव अपने चचेरे भाई के साथ तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान उसका चचेरा भाई अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को संकट में देख दीपक बिना देर किए उसे बचाने के लिए तालाब में कूद पड़ा।
दीपक ने साहस का परिचय देते हुए अपने चचेरे भाई को धक्का देकर सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद गहरे पानी से बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। घटना के बाद तालाब के आसपास चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल खोजबीन शुरू की और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दीपक का शव पानी से बाहर निकाला।
परिजन उसे तुरंत स्थानीय डीसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दीपक यादव, मिलटन यादव का बड़ा पुत्र था। घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस तालाब की गहराई और वहां मौजूद सुरक्षा इंतजामों की भी जांच कर रही है। हालांकि वहां मौजूद लोगों के बीच यह चर्चा थी कि लोगों को इस घटना से सबक लेनी चाहिए।
