रांची : झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) ने शनिवार को एनएच-33 स्थित वेव इंटरनेशनल होटल में झारखंड टी20 लीग के पहले संस्करण के लिए पहली बार खिलाड़ी नीलामी का आयोजन किया। नीलामी में कुल 275 खिलाड़ियों को शामिल किया गया, जहां छह फ्रेंचाइजियों ने अपनी टीमों का गठन किया।
लीग में भाग लेने वाली छह टीमें — रांची टाइटंस, जमशेदपुर स्टीलर्स, छोटानागपुर रॉयल्स, कोयलांचल सुपर किंग्स, धनबाद डायमंड्स और संथाल स्ट्राइकर्स — को खिलाड़ियों की खरीद के लिए 50-50 लाख रुपये का पर्स दिया गया था।
नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में रॉबिन मिंज उभरे, जिन्हें कोयलांचल सुपर किंग्स ने 15.25 लाख रुपये में खरीदा। वहीं संथाल स्ट्राइकर्स ने भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को 14.7 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
छोटानागपुर रॉयल्स ने विराट सिंह पर सबसे अधिक 13 लाख रुपये खर्च किए। टीम ने मोहम्मद नाजिम सिद्दीकी को 7.25 लाख और विकास सिंह को 6 लाख रुपये में खरीदा। इसके अलावा सुप्रियो चक्रवर्ती, पंकज यादव, दीपसांशु रावत, सोनू कुमार सिंह, दुर्गेश कुमार, चंदन मुखी और श्रेष्ठ सागर को भी टीम में शामिल किया गया।
धनबाद डायमंड्स ने सुशांत मिश्रा को 11 लाख और पंकज कुमार को 10.75 लाख रुपये में खरीदा। बाल कृष्णा 7.25 लाख और अतुल सिंह सुरवार 3.75 लाख रुपये में टीम से जुड़े। अन्य खिलाड़ियों में बिलेश दत्ता, विकास कुमार विशाल, मोहम्मद शमशाद, विवेकानंद तिवारी, आदित्य सिंह, आर्यमान सेन, तनिष चौबे और प्रभात कुमार यादव शामिल हैं।
जमशेदपुर स्टीलर्स ने मोहम्मद कौनैन कुरैशी को 12.5 लाख और साहिल राज को 8.75 लाख रुपये में खरीदा। कुमार देवव्रत को 6 लाख तथा अनुकूल रॉय को 4 लाख रुपये में टीम में शामिल किया गया। टीम में नितीन कुमार पांडेय, रवि शर्मा, सिद्धांत रघुवंशी, समीर शर्मा, कुमार करण और आदर्श गिरी भी शामिल हैं।
कोयलांचल सुपर किंग्स ने रॉबिन मिंज के अलावा शुभम शर्मा को 7 लाख, उत्कर्ष सिंह को 6.25 लाख तथा हर्ष राज और अमित कुमार को 4.25-4.25 लाख रुपये में खरीदा। शरनदीप सिंह, योगेश भास्कर और सेंटू कुमार यादव भी टीम का हिस्सा बने।
रांची टाइटंस ने शिखर मोहन को 11 लाख और राजनदीप सिंह को 9 लाख रुपये में खरीदा। श्रेष्ठा को 6.75 लाख तथा जतिन पांडेय को 4 लाख रुपये में टीम में शामिल किया गया। इसके अलावा सौरभ शेखर, आयुष भारद्वाज, प्रिंस मुर्मू, आर्यन हुड्डा, यश पी. भगत, ईशान ओम, कुमार अंकित, सत्य सेतु और ओम सिंह भी टीम का हिस्सा हैं।
संथाल स्ट्राइकर्स ने ईशान किशन के अलावा सुमित कुमार और अरविंद कुमार को 6-6 लाख रुपये में खरीदा, जबकि अनमोल राज को 5 लाख रुपये में टीम में शामिल किया। टीम में मनीषी, विवेक कुमार, रवि यादव, विकास कुमार, कुमार सूरज, रौनक कुमार, विभोर पांडेय, रितेश पटेल और ओजस वर्धन भी शामिल हैं।
जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड लंबे समय से भारतीय क्रिकेट का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है और झारखंड टी20 लीग राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत मंच प्रदान करेगी।
जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि संघ का उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सर्वोत्तम अवसर देना है तथा यह लीग उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
संघ के सचिव और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने कहा कि घरेलू लीग खिलाड़ियों के विकास में अहम भूमिका निभाती हैं और झारखंड टी20 लीग राज्य के उभरते एवं वरिष्ठ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर देगी।
जेएससीए ने नीलामी के लिए सात खिलाड़ियों को प्रीमियम आइकन श्रेणी में रखा था, जिनकी आधार कीमत 4 लाख रुपये निर्धारित की गई थी। वहीं सीनियर राज्य खिलाड़ियों की श्रेणी ‘ए’ की आधार कीमत 75 हजार रुपये रखी गई थी।
झारखंड टी20 लीग का पहला संस्करण जून माह में शुरू होने की संभावना है, जिसमें राज्य के शीर्ष क्रिकेटर हिस्सा लेते नजर आएंगे।


