रांची : रांची पुलिस ने राजधानी के अशोक नगर में हुई लाखों रुपये की हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह की कार्यशैली का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 17.36 लाख रुपये से अधिक नकद, चोरी के सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल की गई लग्जरी जगुआर कार बरामद की है। गिरोह के दो फरार आरोपियों की पत्नियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर ऐसे अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो लग्जरी जगुआर कार से विभिन्न शहरों में रेकी कर हाई-प्रोफाइल मकानों को निशाना बनाता था।
पुलिस कार्रवाई के दौरान चोरी की रकम में से 17.36 लाख 200 रुपये नकद, सोने के आभूषण तथा वारदात में प्रयुक्त नीले रंग की जगुआर कार (UP78EM0101) बरामद की गई।
फरार आरोपियों की पत्नियों को भी चोरी का सामान छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
दो घरों में हुई थी बड़ी चोरी, एसआईटी का हुआ गठन
यह मामला अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी निशित केसरी और अखिलेश पांडेय के घरों में हुई चोरी से जुड़ा है। घटना के बाद अरगोड़ा थाना में कांड संख्या-172/26 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में विशेष एसआईटी का गठन किया गया।
सीसीटीवी और डिजिटल साक्ष्यों से मिला गिरोह का सुराग
एसआईटी ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल लोकेशन, डिजिटल ट्रेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को गिरोह की गतिविधियों से जुड़े अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर कोलकाता सहित कई स्थानों पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान चोरी में इस्तेमाल की गई जगुआर कार, भारी मात्रा में नकदी और चोरी के सोने के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि गिरोह हाई-प्रोफाइल इलाकों में पहले रेकी करता था और फिर सुनसान समय में वारदात को अंजाम देता था।
फरार आरोपियों की पत्नियां गिरफ्तार
जांच में गिरोह के तीन प्रमुख सदस्यों की पहचान इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा के रूप में हुई।
पुलिस ने इरफान और अफरोज के ठिकानों पर छापेमारी कर उनकी पत्नियों गुलशन प्रवीण और शकीला उर्फ लाडली को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से चोरी के गहने और नकदी बरामद हुई है।
हालांकि गिरोह के मुख्य आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए झारखंड समेत अन्य राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही है।
80 से अधिक आपराधिक मामलों में दर्ज है सरगना का नाम
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह का मुख्य सरगना इरफान देश के कई राज्यों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, दिल्ली, गोवा, कर्नाटक, गुजरात, तेलंगाना, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, केरल, बिहार और पंजाब समेत कई राज्यों में चोरी के मामले दर्ज हैं।
कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, सूरत, हैदराबाद, पुणे, बेंगलुरु, सीतामढ़ी और जालंधर जैसे शहरों में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार विभिन्न राज्यों में उसके विरुद्ध करीब 80 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे स्पष्ट है कि यह गिरोह लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर संगठित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।