July 25, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

भाजपा समर्थकों के दिल-दिमाग से भी उतर रही है पार्टी: अखिलेश यादव

भाजपा समर्थकों के दिल-दिमाग से भी उतर रही है पार्टी: अखिलेश यादव

लखनऊ, 24 जुलाई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि भाजपा के समर्थक भी अब पार्टी की कार्यशैली से निराश और शर्मिंदा हैं। उन्होंने कहा कि आज जिन लोगों ने अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और वाहनों से भाजपा के झंडे उतारे हैं, कल भाजपा उनके दिल-दिमाग से भी उतर जाएगी।

अखिलेश यादव ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि एक ओर भाजपा और उसके सहयोगी अपने लोगों को प्रदर्शनकारियों के बीच भेजकर युवाओं को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जब ऐसे लोगों को “भाजपाई” कहा जाता है तो वे चिढ़ जाते हैं। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक अयोध्या में कथित “चढ़ावा-चंदा-दान चोरी”, दिल्ली में बच्चियों पर कथित अत्याचार, युवाओं के खिलाफ हिंसा, मुंबई में आंदोलनकारियों को कथित रूप से ड्रग्स के झूठे मामलों में फंसाने की धमकी और लखनऊ अग्निकांड में मृतक बच्चे की मां के साथ मुख्यमंत्री के कथित दुर्व्यवहार जैसी घटनाओं से शर्मिंदा हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा के “पेड और अनपेड” समर्थक भी अब जनाक्रोश को देखते हुए खुलकर सामने आने से बच रहे हैं। उनके अनुसार, भाजपा समर्थकों के व्हाट्सएप समूह भी पहले की तरह सक्रिय नहीं हैं और वे सार्वजनिक स्थानों पर जाने से भी परहेज कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में भाजपा के कट्टर समर्थकों ने हर मुद्दे पर पार्टी का बचाव किया और इसके लिए अपने मित्रों तथा परिचितों से भी विवाद मोल लिया। लेकिन अब भाजपा की कार्यशैली को देखकर उन्हें भी अपनी गलती का एहसास हो रहा है।

सपा प्रमुख ने भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग, महंगाई बढ़ाने, शिक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं में धांधली, आरक्षण के खिलाफ साजिश, विपक्ष पर झूठे मुकदमे दर्ज कराने, बुलडोजर और एनकाउंटर की कार्रवाई का दुरुपयोग करने समेत कई अन्य आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा का “असल चेहरा” अब उसके समर्थकों के सामने भी आ चुका है और इसी वजह से पार्टी समर्थकों के लिए तथाकथित “अमृतकाल” अब “विषकाल” में बदल गया है।

–आईएएनएस

विकेटी/डीएससी

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading