रांची: 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रारंभिक परीक्षा (PT) में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार और आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि झारखंड की कांग्रेस समर्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) सरकार युवाओं के हितों की रक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन 14वीं JPSC PT परीक्षा को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों ने अभ्यर्थियों का भरोसा तोड़ दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य के बेरोजगार युवा वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन यदि परीक्षा प्रक्रिया पर ही सवाल उठने लगें तो इससे युवाओं का मनोबल टूटता है।
उन्होंने मांग की कि परीक्षा से जुड़े सभी आरोपों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
22 जुलाई को रांची में होगा भाजपा युवा मोर्चा का विशाल एकत्रीकरण
आदित्य साहू ने घोषणा की कि 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के बैनर तले 22 जुलाई को सुबह 10:00 बजे रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम (कचहरी के समीप) में विशाल एकत्रीकरण आयोजित किया जाएगा। उन्होंने राज्यभर के युवाओं और अभ्यर्थियों से इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकारों और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी तथा JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के मामले को मजबूती से उठाएगी।
साथ ही सरकार से परीक्षा प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अभ्यर्थियों के साथ न्याय करने की मांग भी की।
