रिकॉर्ड और ऑनलाइन आंकड़ों का होगा मिलान, सुधरेगी खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था
स्थानांतरित एजीएम को तत्काल प्रभाव से प्रभार सौंपने का एसएफसी डीएम का आदेश
जमशेदपुर : झारखंड राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) के अंतर्गत संचालित पूर्वी सिंहभूम जिले के नौ प्रखंडों के सहायक गोदाम प्रबंधकों (एजीएम) का तबादला कर दिया गया है। राज्य सरकार के निर्देश के बाद संबंधित प्रखंडों के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (बीएसओ) को ही एजीएम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह एसएफसी के जिला प्रबंधक जुल्फीकार अंसारी ने शनिवार को आदेश जारी कर दिया।
जारी आदेश के अनुसार बहरागोड़ा में अमृत टोप्पो, गुड़ाबांदा में नरेश मंडल, चाकुलिया में बिनोद कुमार तुबिद, घाटशिला में कौशल किशोर भगत, धालभूमगढ़ में सकलदीप कुमार महतो, डुमरिया में कुंदन कुमार पाढ़ी, मुसाबनी में विशाल कोंगारी, पोटका में मनीषा कुमारी तथा पटमदा में अजय टोप्पो को संबंधित गोदामों का एजीएम बनाया गया है।
आदेश में वर्तमान में कार्यरत एजीएम को निर्देश दिया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपने-अपने गोदामों का प्रभार नवपदस्थापित अधिकारियों को सौंप दें। यह व्यवस्था तत्काल लागू कर दी गई है।
इससे पहले खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने शुक्रवार को सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारियों सह एसएफसी जिला प्रबंधकों को निर्देश जारी किया था कि गोदाम का प्रभार हस्तांतरण के समय उपलब्ध खाद्यान्न एवं अन्य सामग्रियों का भौतिक सत्यापन कराया जाए। सत्यापन के दौरान गोदाम में उपलब्ध वास्तविक स्टॉक का मिलान गोदाम रजिस्टर तथा ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों से किया जाएगा।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि भौतिक सत्यापन के दौरान स्टॉक और अभिलेखों में किसी प्रकार की विसंगति या अंतर पाया जाता है तो संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उसे अपनी जांच रिपोर्ट में दर्ज करेंगे।
इसके बाद विस्तृत प्रतिवेदन जिला आपूर्ति पदाधिकारी को उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग के इस कदम को खाद्यान्न भंडारण एवं वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
