जमशेदपुर : झारखंड के राज्यपाल Santosh Kumar Gangwar के 1 जून को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त Rajiv Ranjan ने रविवार को बारीडीह स्थित Manipal Tata Medical College (एमटीएमसी) परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, गार्ड ऑफ ऑनर, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था समेत सभी आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि राज्यपाल का दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, आगंतुकों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने तथा यातायात संचालन को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए सभी व्यवस्थाओं को पूर्व निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
समीक्षा के दौरान गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी, वीवीआईपी मूवमेंट रूट, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, कंट्रोल रूम, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नगर, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, डीएसपी ट्रैफिक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
