जमशेदपुर: नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल (NHES) में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, जेईई एडवांस्ड क्वालिफायर तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि टाटा स्टील यूआईएसएल (Tata Steel UISL) के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर थे। कार्यक्रम में स्कूल के अध्यक्ष नकुल कामानी, सचिव देवांग गांधी, प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की प्राचार्या परमिता रॉय चौधरी द्वारा वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के साथ हुई। उन्होंने बीते शैक्षणिक वर्ष के दौरान विद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षणिक उत्कृष्टता और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
आईसीएसई (ICSE) परीक्षा परिणाम में विज्ञान संकाय की छात्रा रिया बारिक ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया और शहर में पांचवां स्थान प्राप्त किया। विज्ञान संकाय में शुभब्रत सामंता 97.6 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
वहीं, वाणिज्य संकाय में मोक्ष शारदा ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि अरीबह शमशाद दूसरे स्थान पर रहीं।
मुख्य अतिथि अतुल भटनागर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें जिम्मेदार नागरिक और भविष्य के संवेदनशील नेतृत्वकर्ता बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने कार्यों के माध्यम से शांति, एकता और करुणा जैसे मूल्यों को समाज में बढ़ावा देना चाहिए।
उनके संदेश को साकार करते हुए विद्यार्थियों ने “शांति” विषय पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसमें कविता, संगीत और नृत्य के माध्यम से शांति और सद्भाव का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में आईएससी (ISC) परीक्षा के मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया। विज्ञान संकाय में प्रगति सेकसरिया ने 98.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में पहला और शहर में सातवां स्थान हासिल किया, जबकि आस्था रतूड़ी 97.5 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
वाणिज्य संकाय में आरुषि कर ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शहर में तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतिभा कुमारी रजक ने 97.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शहर में पांचवां स्थान प्राप्त किया।
समारोह के दौरान जेईई एडवांस्ड (JEE Advanced) परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाली छात्राओं अदिति आनंद और अल्विया जेया को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
