जमशेदपुर। करणी सेना के सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की हत्या के विरोध में एनडीए द्वारा शुक्रवार को आहूत बंद के दौरान पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता दुलाल भुईयां ने भुईयांडीह और मानगो क्षेत्र में बंद का नेतृत्व किया। अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकतार्ओं के साथ वह भुईयांडीह स्थित आवासीय कार्यालय से निकले और विभिन्न इलाकों का दौरा कर बंद को सफल बनाने की अपील की। दुलाल भुईयां के नेतृत्व में भाजपा कार्यकतार्ओं ने भुईयांडीह, मानगो बस स्टैंड और आसपास के बाजारों में पैदल मार्च किया। इस दौरान कार्यकतार्ओं ने नारेबाजी करते हुए दुकानदारों और व्यापारियों से स्वेच्छा से प्रतिष्ठान बंद रखने का आग्रह किया। कुछ स्थानों पर प्रदर्शन के कारण यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।
भुईयां ने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या राज्य में लगातार बिगड़ रही कानून-व्यवस्था का गंभीर उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के भीतर कानून का भय समाप्त हो गया है, जिसके कारण हत्या, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में आम लोगों के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि एनडीए का यह बंद किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि राज्य की जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए आयोजित किया गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि हिमांशु सिंह हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा मामले की स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सुनवाई कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और अपराधियों में कानून का भय स्थापित हो।
इस दौरान मन्नू मंडल, चमन तिवारी, कुंज बिहारी, विशाल नायक भुईयां, धीरेन्द्र सिंह, सुबोल प्रमाणिक, अशोक कुमार, संजय कुमार, बादल भुईयां, सदानंद टोप्पो, कैलाश अग्रवाल, धर्मेंद्र पांडेय, लक्खी भुईयां, मथुरा भुईयां सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय समर्थक मौजूद रहे।
