गम्हरिया: औद्योगिक क्षेत्र स्थित इंडो डेनिश टूल रूम (आईडीटीआर), जमशेदपुर द्वारा आयोजित डिप्लोमा प्रवेश परीक्षा-2026 का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया। परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई थी। संस्थान प्रशासन ने बताया कि सफल अभ्यर्थियों का नामांकन मेरिट एवं आरक्षण श्रेणी के आधार पर 10 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक किया जाएगा।
आईडीटीआर में वर्तमान में दो प्रमुख जॉब-ओरिएंटेड डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इनमें चार वर्षीय डिप्लोमा इन टूल एंड डाई मेकिंग (मैकेनिकल) तथा तीन वर्षीय डिप्लोमा इन मेकाट्रोनिक्स शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को देश की प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनियों में कैंपस प्लेसमेंट के अवसर मिलते हैं। प्रमुख कंपनियों में मारुति सुजुकी, होंडा मोटर, सीएट टायर्स, टाटा एडवांस सिस्टम्स, टाटा कमिंस, टिमकेन इंडिया और आरकेएफएल जैसी कंपनियां शामिल हैं।
संस्थान के महाप्रबंधक रविन्द्र कुमार ने बताया कि प्रवेश परीक्षा का केंद्र कदमा स्थित डीबीएमएस स्कूल में बनाया गया था। परीक्षा में लगभग 86 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने भाग लिया। दंडाधिकारी देवेश कुमार की निगरानी में पूरी परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई।
उन्होंने बताया कि परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया, जिसके बाद सोमवार को परिणाम जारी कर दिया गया।
महाप्रबंधक ने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों का नामांकन मेरिट सूची एवं आरक्षण नियमों के अनुरूप किया जाएगा। साथ ही उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग देने के लिए दंडाधिकारी देवेश कुमार, डीबीएमएस स्कूल के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा आईडीटीआर की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।