![]()
रांची, 3 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड प्रदेश भाजपा ने हिमांशु सिंह हत्याकांड और राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को आहूत जमशेदपुर और आदित्यपुर बंद को राज्य सरकार के प्रति आक्रोश की अभिव्यक्ति बताया है।
रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री और राज्य के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि जनता ने बंद को स्वतः स्फूर्त समर्थन दिया। बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से लेकर छोटे दुकानदारों, ठेला-खोमचा संचालकों और आम नागरिकों तक ने बंद में शामिल होकर गुस्से का इजहार कया है।
बाउरी ने कहा कि बंद जरूर भाजपा ने बुलाया था, लेकिन जिस तरह हर तबके के लोग बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ आगे आए, वह सरकार के लिए स्पष्ट संदेश है। अगर अब भी सरकार की आंखें नहीं खुलीं तो जनाक्रोश की यह लहर राज्य के कोने-कोने तक पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में जिस तरह पुलिस की मौजूदगी में हिमांशु सिंह की हत्या हुई, उसकी जिम्मेदार राज्य सरकार है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और जमशेदपुर इसका ताजा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है और अपराधियों के हौसले बढ़े हैं।
उन्होंने राज्य में नशे के बढ़ते कारोबार पर भी चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि जमशेदपुर और आदित्यपुर में मादक पदार्थों का कारोबार तेजी से फैल रहा है। बाउरी ने दावा किया कि झारखंड ‘उड़ता पंजाब’ जैसी स्थिति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के कारोबार के पीछे बड़ा सिंडिकेट सक्रिय है। केवल पुलिस अधिकारियों का तबादला कर देने से स्थिति नहीं सुधरेगी। सरकार को अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
उन्होंने हिमांशु सिंह हत्याकांड में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग दोहराते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने अपने कर्तव्य के निर्वहन में लापरवाही बरती। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस समय पर प्रभावी कार्रवाई करती तो युवक की जान बचाई जा सकती थी।
एसएनसी
