जमशेदपुर: झारखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही सोमवार को दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर जमशेदपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा जमशेदपुर महानगर इकाई के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कई महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठकें कर संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।
बिष्टुपुर स्थित परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर परिसर में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में मुख्य संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला प्रभारी बाबन गुप्ता, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रमुख मौजूद रहे।
अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को भानु प्रताप शाही सुबह विचार परिवार के वरिष्ठ सदस्यों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे सीतारामडेरा और गोलमुरी क्षेत्र में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर स्थानीय जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए भानु प्रताप शाही ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सुझावों और समस्याओं का सम्मान करना भाजपा की कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जमीनी स्तर से प्राप्त प्रत्येक सुझाव और शिकायत को प्रदेश नेतृत्व के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा, ताकि संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय तथा जनोन्मुखी बनाया जा सके।
वरिष्ठ नेताओं के अनुभव को बताया संगठन की पूंजी
दौरे के दौरान भानु प्रताप शाही ने पूर्व जिला अध्यक्षों, पूर्व प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों तथा पूर्व मंडल अध्यक्षों के साथ अलग से बैठक की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं का अनुभव संगठन की अमूल्य धरोहर है और उनके मार्गदर्शन से भाजपा के जनसंपर्क अभियान को नई गति मिलेगी।
बैठक में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने पिछले एक महीने में आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी और आने वाले दिनों की कार्ययोजना प्रस्तुत की। वहीं जिला प्रभारी बाबन गुप्ता ने हालिया अभियानों की समीक्षा करते हुए संगठनात्मक रिपोर्टिंग (एसआईआर) सहित आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की।
सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी किया संवाद
शाम के समय भानु प्रताप शाही ने मानगो स्थित एक होटल में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिक समूहों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान शहर से जुड़े विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर चर्चा हुई और जनहित से जुड़े सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया।