जमशेदपुर: आकाशवाणी जमशेदपुर के लिए यह गर्व का क्षण है कि उसकी विशेष रेडियो प्रस्तुति ‘स्टील, संस्कृति और सपनों का शहर : जमशेदपुर की बहुरंगी पहचान’ का चयन प्रतिष्ठित ऑल इंडिया प्रोग्राम ऑफ फीचर्स के लिए किया गया है।
यह विशेष कार्यक्रम रविवार, 5 जुलाई 2026 को रात 9:30 बजे देशभर के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ प्रसारित किया जाएगा। लगभग 30 मिनट की अवधि वाले इस रेडियो फीचर में जमशेदपुर की बहुआयामी पहचान को पूरे देश के श्रोताओं तक पहुंचाया जाएगा।
इस विशेष रेडियो फीचर में एक छोटे से गांव कालीमाटी से आधुनिक औद्योगिक नगर जमशेदपुर बनने तक की प्रेरणादायक यात्रा को दर्शाया गया है। उद्योग, विज्ञान, शिक्षा, खेल, संस्कृति, पर्यावरण, आदिवासी विरासत और सामाजिक मूल्यों के विभिन्न आयामों के माध्यम से यह कार्यक्रम बताता है कि जमशेदपुर केवल स्टील सिटी ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के विकास, मानवीय मूल्यों और राष्ट्रीय एकता का भी सशक्त प्रतीक है।
प्रमुख हस्तियों के विशेष विचार
इस रेडियो फीचर में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों के विशेष साक्षात्कार शामिल किए गए हैं।
- डी. बी. सुंदरा रामम (उपाध्यक्ष, कॉर्पोरेट सर्विसेज, टाटा स्टील) ने जमशेदपुर की सुव्यवस्थित नगर योजना, सामाजिक उत्तरदायित्व, हरित विकास और नागरिक सहभागिता पर अपने विचार साझा किए हैं।
- डॉ. अभिलाष, शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार से सम्मानित एवं सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल), जमशेदपुर के प्रधान वैज्ञानिक, ने ग्रीन मेटलर्जी, धातु पुनर्चक्रण, पर्यावरणीय तकनीक और भविष्य की वैज्ञानिक संभावनाओं पर प्रकाश डाला है।
- प्रो. गौतम सूत्रधार, निदेशक, एनआईटी जमशेदपुर, ने संस्थान की ऐतिहासिक यात्रा, अनुसंधान, नवाचार तथा विकसित भारत के निर्माण में तकनीकी शिक्षा की भूमिका पर अपने विचार रखे हैं।
- फादर सेबेस्टियन जॉर्ज, एस.जे., निदेशक, एक्सएलआरआई जमशेदपुर, ने वैश्विक नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और मूल्य आधारित शिक्षा के महत्व पर चर्चा की है।
शहर की प्रेरक विभूतियों को भी किया गया शामिल
कार्यक्रम में जमशेदपुर की कई प्रतिष्ठित हस्तियों और वरिष्ठ नागरिकों से भी विशेष बातचीत प्रस्तुत की गई है।
- पद्मश्री चामी मुर्मू ने पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण पर अपने अनुभव साझा किए हैं।
- हीरा मांझी, प्रसिद्ध सोहराय चित्रकार, ने आदिवासी कला और संस्कृति की समृद्ध परंपरा पर प्रकाश डाला है।
- पद्म भूषण बचेंद्री पाल ने पर्वतारोहण और प्रेरणादायक जीवन यात्रा के अनुभव साझा किए हैं।
- पद्मश्री एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित पूर्णिमा महतो ने तीरंदाजी और खिलाड़ियों के विकास पर अपने विचार व्यक्त किए हैं।
- मुकुल चौधरी, चीफ ऑफ स्पोर्ट्स, टाटा स्टील एवं सीईओ, जमशेदपुर एफसी, तथा गुरमीत सिंह राव, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, नवल टाटा हॉकी अकादमी, ने शहर में खेल संस्कृति और प्रतिभा विकास पर चर्चा की है।
- चंद्रेश्वर खान, टाटा मोटर्स से सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक, जिन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व लगभग 40 देशों में किया है, ने जमशेदपुर की सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत पर अपने अनुभव साझा किए हैं।
कार्यक्रम के पीछे की टीम
इस विशेष रेडियो फीचर की पटकथा शाहिद अनवर ने लिखी है। तासीर शाहिद ने कथावाचन किया है, जबकि राजीव रंजन तिवारी प्रस्तोता की भूमिका में हैं। कार्यक्रम का समन्वय राजेश कुमार राय ने किया है।
संगीत, ध्वनि प्रभाव और काव्यात्मक शैली से सुसज्जित यह प्रस्तुति जमशेदपुर की बहुरंगी पहचान को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है।
दुनिया भर में सुना जा सकेगा प्रसारण
देश-विदेश के श्रोता इस विशेष राष्ट्रीय प्रसारण को News On AIR प्लेटफॉर्म के माध्यम से सुन सकेंगे। इसके अलावा दिल्ली केंद्र से यह कार्यक्रम एफएम गोल्ड, आकाशवाणी लाइव न्यूज़ 24×7, आकाशवाणी (AIR) के आधिकारिक यूट्यूब चैनल तथा NewsOnAir ऐप पर भी उपलब्ध रहेगा।
