गम्हरिया : विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड के प्लांट-5, कोलाबीरा में व्यापक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया।
इस वर्ष की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” के अनुरूप कंपनी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए 105 पौधों का रोपण किया। साथ ही कर्मचारियों के बीच पौधों का वितरण कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कंपनी के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) शक्ति सेनापति, मुख्य मानव संसाधन अधिकारी (सीएचआरओ) भूपेंद्र लोधी तथा प्लांट हेड कृष्ण कुमार झा ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली अपनाने की शपथ ली।
इस अवसर पर शक्ति सेनापति और भूपेंद्र लोधी ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन और संगठनात्मक संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है।
उन्होंने कर्मचारियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
प्लांट हेड कृष्ण कुमार झा ने कहा कि वृक्षारोपण भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश है। उन्होंने कर्मचारियों को लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हुए पर्यावरण के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में एचआर हेड सत्यरंजन खटुआ ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी अतिथियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सक्रिय सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक सामूहिक जिम्मेदारी है।
ऐसे अभियान न केवल हरित वातावरण के निर्माण में सहायक होते हैं, बल्कि कर्मचारियों में पर्यावरणीय जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत करते हैं।
इस अभियान का नेतृत्व ईएचएस हेड नवीन सिन्हा ने किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में आदित्य प्रकाश, सत्य प्रकाश गुप्ता, ललन सिंह, तपस पाल, आजाद महतो, राजकमल और पुरुषोत्तम सिंहदेव का विशेष योगदान रहा। सभी टीम सदस्यों ने स्वयं भी वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें कुलदीप सिंह, रणवीर सिंह तोमर, मृत्युंजय सिंह, सुधीर सिंह, अनुप कुमार, अटल मिश्रा, प्रणव साहा, रवि कुमार, ललन सिंह, देवानंद राय, भावेंद्र झा, रवींद्र यादव, संतोष तिवारी, उज्ज्वल पात्रा, राकेश सिंह, रजनी कुमारी, धर्मवीर कुमार, मनीष कुमार और अभिजीत झा सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने हरित, स्वच्छ और सतत भविष्य के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
