July 25, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
अपराध

पुरानी रंजिश में विकास सिंह की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

पुरानी रंजिश में विकास सिंह की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

उलीडीह थाना क्षेत्र का मामला, दोनों आरेपी उलीडीह इलाके के निवासी

जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र में हुए विकास सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुटिया और राजू कुंभकार के रूप में हुई है। दोनों उलीडीह इलाके के निवासी हैं।

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि शंकोसाई रोड नंबर-2 निवासी विकास सिंह की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। आरोपियों ने पहले विकास को नशा करने के बहाने अपने साथ बुलाया और फिर आदिवासी क्लब के समीप ले जाकर चाकू तथा लोहे के रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी राजू कुंभकार अपने मौसेरे भाई सौरभ शर्मा उर्फ पवन की हत्या का बदला लेना चाहता था। करीब एक वर्ष पूर्व हुई उस हत्या के मामले में विकास सिंह के छोटे भाई विक्की सिंह का नाम सामने आया था। मामले में विक्की जेल भी गया था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया है।

पुलिस के अनुसार, विक्की तक पहुंच पाना संभव नहीं होने के कारण राजू ने उसके बड़े भाई विकास सिंह को निशाना बनाया। इसके लिए उसने अपने साथी सूरज कुटिया के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय स्रोतों के आधार पर जांच तेज की। गुप्त सूचना मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और लोहे का रॉड भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading