चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में होंडा एक्टिवा, बजाज पल्सर एनएस-200, हीरो सुपर स्प्लेंडर, यामाहा आर15, एफजेड, फेजर, फसिनो, होंडा एविएटर समेत कई लोकप्रिय मॉडल शामिल हैं।



मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार किंडो ने बताया कि 1 जून को सूचना मिली थी कि नोवामुंडी क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद नोवामुंडी, किरीबुरू, बड़ा जामदा और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान डुकासाई गांव से सोनू लोहरा उर्फ भोला को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने राज पूर्ति को भी दबोच लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
जांच में सामने आया है कि गिरोह चोरी की गई बाइकों को ग्रामीण और सुनसान इलाकों में छिपाकर रखता था और बाद में उन्हें कम कीमत पर बेच देता था। पुलिस को आशंका है कि बरामद वाहन झारखंड के अलावा ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से भी चोरी किए गए हैं। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की बाइक खरीदने वाले लोगों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
- सोनू लोहरा उर्फ भोला, निवासी बिरसानगर, जमशेदपुर
- राज पूर्ति, निवासी टोटोंगड़ा, छोटानागरा, पश्चिमी सिंहभूम
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जिनकी मोटरसाइकिल हाल के दिनों में चोरी हुई है, वे बरामद वाहनों की सूची देखकर अपनी गाड़ी की पहचान करें। आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित थाना या पुलिस कार्यालय में संपर्क करने पर सत्यापन के बाद वाहन वापस करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
