गम्हरिया : जिले की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बुधवार को गम्हरिया थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव और लंबित मामलों की गहन समीक्षा की।
एसपी ने थाना में दर्ज लंबित कांडों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही अपराध नियंत्रण, वारंट निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा नियमित गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण, मालखाना और हाजत का भी जायजा लिया। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार करने और उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
इसके अलावा आगामी बकरीद पर्व को देखते हुए थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी आवश्यक निर्देश जारी किए।
