आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल छिनतई कर भाग रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। भागने के दौरान आरोपी की बाइक एक राहगीर से टकरा गई, जिसके बाद वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
घटना जुडियो मॉल के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बाइक संख्या JH05BQ-8893 पर सवार युवक ने श्रीडुंगरी इलाके के पास एक व्यक्ति से कथित तौर पर मोबाइल छीन लिया और तेज रफ्तार में वहां से भागने लगा।
जुडियो मॉल के पास राहगीर को मारी टक्कर
मोबाइल छीनकर भागने के दौरान युवक की बाइक जुडियो मॉल के समीप सड़क पर जा रहे एक राहगीर से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और युवक सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में वह घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ लिया। इस दौरान कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की। सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।
नशे में होने का स्थानीय लोगों का दावा
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि पकड़ा गया युवक नशे का आदी है और वारदात के समय भी कथित रूप से नशे की हालत में था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक युवक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गिरोह से कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है। मोबाइल छिनतई की घटना के अलावा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या उसने कथित तौर पर अकेले ही वारदात को अंजाम दिया।