कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सुर्खियों में है। जिले के सदर थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में उसके पिता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़िता की मां की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की और कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मामला 31 अगस्त की दोपहर का है। शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया है कि वह काम के सिलसिले में घर से बाहर गई थीं। उस समय घर में उनकी नाबालिग बेटी और पति अरविंद बर्णवाल मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान अरविंद बर्णवाल ने अपनी बेटी के साथ जबरन दुष्कर्म किया।
शिकायत के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने नाबालिग को किसी को भी इसकी जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण पीड़िता ने तत्काल इसकी जानकारी किसी को नहीं दी।
बाद में पीड़िता की मां ने घटना की जानकारी अपने मायके के लोगों को दी और उन्हें कोडरमा बुलाया। दो सितंबर को मायके वालों के कोडरमा पहुंचने के बाद पीड़िता की मां उनके साथ सदर थाना पहुंचीं और पति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
POCSO एक्ट के तहत प्राथमिकी, आरोपी जेल भेजा गया
कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन के आधार पर आरोपी अरविंद बर्णवाल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।