August 29, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

चतरा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, अवैध संबंध का विरोध करने पर मायके वालों को बताए बिना शव जलाने का आरोप; 3 गिरफ्तार

चतरा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, अवैध संबंध का विरोध करने पर मायके वालों को बताए बिना शव जलाने का आरोप; 3 गिरफ्तार

चतरा: झारखंड के चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र के पकरिया गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या करने और घटना के साक्ष्य मिटाने के लिए पुलिस व मायके वालों को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका की पहचान गिरिडीह जिले के डुमरी निवासी नितेश कुमार साहू की बहन चांदनी देवी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, करीब 12 वर्ष पहले चांदनी की शादी इटखोरी थाना क्षेत्र के पकरिया गांव निवासी त्रिवेणी साव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।

पति पर दूसरी महिला से संबंध का आरोप

मृतका के भाई नितेश कुमार साहू ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि शादी के करीब पांच वर्ष बाद चांदनी के पति त्रिवेणी साव का किसी अन्य महिला के साथ संबंध हो गया था। चांदनी द्वारा इसका विरोध किए जाने पर पति कथित तौर पर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था।

भाई का आरोप है कि चांदनी को प्रताड़ित करने में उसके सास-ससुर और ननद भी शामिल थे। ससुर महावीर साव, सास कैलती देवी और ननद प्रतिमा देवी पर भी मृतका को शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।

पेट दर्द से मौत की बताई कहानी

परिजनों के अनुसार, घटना की रात ससुराल पक्ष ने चांदनी के मायके में फोन कर बताया कि पेट दर्द के कारण उसकी मौत हो गई है। मौत की सूचना मिलने के बाद मायके वाले पकरिया गांव पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उनके पहुंचने से पहले ही ससुराल वालों ने आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

मायके पक्ष का आरोप है कि अंतिम संस्कार की जानकारी पुलिस को भी नहीं दी गई। इससे मामले को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस पहुंची तो राख हो चुका था शव

इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे मायके पक्ष से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम श्मशान घाट पहुंची। पुलिस के पहुंचने तक शव पूरी तरह जल चुका था और वहां केवल राख बची थी।

मृतका के भाई की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति त्रिवेणी साव, सास-ससुर समेत अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, मामले में 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी में हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading