July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
अपराध

जुगसलाई के मिल्लत नगर में रंगदारी विवाद पर फायरिंग, जनरल स्टोर संचालक को धमकाने का आरोप

जुगसलाई के मिल्लत नगर में रंगदारी विवाद पर फायरिंग, जनरल स्टोर संचालक को धमकाने का आरोप

Jamshedpur: जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर स्थित हबीब नगर में शनिवार देर रात रंगदारी और उधारी के विवाद को लेकर फायरिंग की घटना सामने आई है। आरोप है कि मोहल्ले के ही दो युवकों ने एक जनरल स्टोर संचालक को धमकाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जुगसलाई डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि मिल्लत नगर स्थित एक जनरल स्टोर पर मोहल्ले के रहने वाले बच्चा राज और पलटन नामक दो युवक पहुंचे थे। दोनों ने करीब 150 रुपये का सामान खरीदा था, जिसे दुकानदार ने उधार में उनके नाम पर लिख दिया। कुछ देर बाद दोनों युवक फिर दुकान पर पहुंचे और दुकानदार से पैसे की मांग करने लगे। दुकानदार द्वारा पैसे देने से इनकार किए जाने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

विवाद बढ़ता देख दुकानदार ने अपनी दुकान का शटर बंद कर लिया। इससे नाराज आरोपियों ने शटर पर कई बार लात मारकर तोड़फोड़ की। इसके बाद इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी। बताया जाता है कि एक गोली दुकान के सामने स्थित बंपर के पास चली, जबकि दूसरी गोली पास के क्षेत्र में दागी गई।

गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस ने मौके से दो खोखा भी बरामद किए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपित युवकों का पहले से आपराधिक गतिविधियों से संबंध रहा है और उनके खिलाफ मोहल्ले में कई शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। डीएसपी ने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading