जमशेदपुर/झारखंड : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में कार्यरत सुरक्षा कर्मियों को बिना पूर्व सूचना नौकरी से हटाए जाने का मामला अब गरमाने लगा है। इस फैसले से नाराज और प्रभावित सुरक्षा कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष बब्बन राय से मुलाकात कर अपनी समस्याएं साझा कीं। कर्मचारियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए न्याय दिलाने की मांग की।
सुरक्षा कर्मियों का आरोप है कि बैंक प्रबंधन ने बिना किसी लिखित नोटिस या पूर्व सूचना के अचानक उन्हें काम पर आने से रोक दिया। इस फैसले से दर्जनों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने इसे पूरी तरह अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि बिना किसी गलती के नौकरी से हटाना तानाशाही रवैया है।
प्रभावित कर्मियों ने कहा कि वे अपने अधिकार और न्याय के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएंगे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए झामुमो नेता बब्बन राय ने बैंक प्रबंधन के रवैये की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि मजदूरों और कर्मचारियों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बब्बन राय ने घोषणा की कि सुरक्षा कर्मियों की बहाली और न्याय की मांग को लेकर आगामी शुक्रवार सुबह 10 बजे से उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन और बैंक प्रबंधन ने जल्द समाधान नहीं निकाला, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बैठक में बड़ी संख्या में प्रभावित सुरक्षा कर्मी और झामुमो युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद थे।
