जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों को सूचना मिली कि एक सपेरा दो टोकरी में जहरीले सांप छोड़कर वहां से चला गया है। बताया गया कि दोनों टोकरियों के ढक्कन खुले हुए थे और उनमें अत्यंत विषैले कोबरा सांप मौजूद थे, जिन्हें स्थानीय भाषा में गेहूंअन सांप कहा जाता है।
घटना की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सतर्कता के साथ दोनों कोबरा सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। मामले की सूचना वन विभाग के डीएफओ को भी दे दी गई है। रेस्क्यू किए गए सांपों को अब सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ा जाएगा।
घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बना रहा। हालांकि समय रहते सांपों को पकड़ लिए जाने से किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
