July 27, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
अपराध

जमशेदपुर के निक्को पार्क में छेड़खानी पर भारी बवाल, परिजनों को पीटा; 4 आरोपी युवक हिरासत में

जमशेदपुर के निक्को पार्क में छेड़खानी पर भारी बवाल, परिजनों को पीटा; 4 आरोपी युवक हिरासत में

​जमशेदपुर : शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध निक्को पार्क (वाटर पार्क) में बुधवार को छेड़खानी की एक गंभीर घटना को लेकर जमकर बवाल हो गया। वाटर पार्क परिसर में आरोपियों ने न केवल युवती के साथ बदसलूकी की, बल्कि विरोध करने पर उसके परिजनों के साथ मारपीट भी की। इस घटना के बाद काफी देर तक पार्क परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा।

​वाटर पार्क में घूमने आई युवती से बदसलूकी

​मिली जानकारी के अनुसार, एक युवती बुधवार को अपने परिवार के साथ निक्को पार्क में छुट्टी बिताने और घूमने आई थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ मनचले युवकों ने युवती पर फब्तियां कसीं और कथित तौर पर छेड़खानी शुरू कर दी। जब युवती और उसके परिजनों ने इस पर आपत्ति जताई और विरोध किया, तो आरोपी युवक उलझ गए और उनके साथ मारपीट करने लगे।

​नशे की हालत में थे आरोपी युवक

​घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से मोहित और कुणाल सहित कुल चार युवकों को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि छेड़खानी करने वाले युवक घटना के वक्त नशे की हालत में थे। पुलिस सभी आरोपियों को थाने ले जाकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

बिष्टुपुर थाना पुलिस केअनुसार ​निक्को पार्क में हंगामे की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। मामले में चार युवकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। शहर में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

​सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

​इस घटना के बाद वाटर पार्क में मौजूद अन्य पर्यटकों में भी काफी नाराजगी और डर का माहौल देखा गया। लोगों ने पार्क परिसर के भीतर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और पार्क में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को भी खंगाला जा रहा है ताकि घटना की कड़ियों को साफ किया जा सके।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading