September 6, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

बिरसानगर पीएम आवास योजना : 31 मई तक फ्लैट की चाबी नहीं मिली तो डीसी ऑफिस के सामने अनशन पर बैठेंगे सरयू राय

बिरसानगर पीएम आवास योजना : 31 मई तक फ्लैट की चाबी नहीं मिली तो डीसी ऑफिस के सामने अनशन पर बैठेंगे सरयू राय

वार्ता के बाद विधायक से बोले, नगर विकास मंत्री- वादा याद है लेकिन तारीख को “इंची-टेप से नहीं नापना चाहिए”

10-15 दिन आगे-पीछे हो सकता है, भरोसा दिलाया कि लाभार्थियों को चाबी दिलाना सरकार की प्राथमिकता

जमशेदपुर : बिरसानगर पीएम आवास योजना के 100 से अधिक लाभार्थियों ने मंगलवार को विधायक सरयू राय से मिलकर 31 मई तक फ्लैट की चाबी दिलाने की मांग की। इस दौरान सरयू राय ने नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से फोन पर बात कर जल्द चाबी दिलाने का आग्रह किया और चेतावनी दी कि तय समय तक चाबी नहीं मिलने पर वह 1 जून से डीसी ऑफिस के सामने अनशन करेंगे।

बिरसानगर पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को सरयू राय ने कहा कि वह लगातार इस मुद्दे पर प्रयासरत हैं। उन्होंने लोगों के सामने ही नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से फोन पर बातचीत की और लाभुकों को जल्द फ्लैट की चाबी दिलाने का आग्रह किया।

मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि उन्हें अपना वादा याद है, लेकिन तारीख को “इंची-टेप से नहीं नापना चाहिए”, 10-15 दिन आगे-पीछे हो सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लाभार्थियों को चाबी दिलाना सरकार की प्राथमिकता में है।

इस पर सरयू राय ने स्पष्ट कहा कि यदि 31 मई तक चाबी नहीं मिली तो वह अनशन पर बैठेंगे। मंत्री ने बताया कि एक कार्य को अभी प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिली है। स्वीकृति मिलते ही काम और तेजी से आगे बढ़ेगा।

गौरतलब है कि करीब 25 दिन पहले भी सरयू राय ने लाभार्थियों के सामने मंत्री से बातचीत की थी। उस समय मंत्री ने एक माह के भीतर सभी को चाबी दिलाने का आश्वासन दिया था। मंगलवार को सरयू राय ने मंत्री को उनका पुराना वादा याद दिलाते हुए कहा कि यदि 31 मई तक चाबी नहीं मिली तो पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत 1 जून को डीसी ऑफिस के सामने अनशन शुरू करेंगे।

सरयू राय ने बताया कि पीएम आवास के दो ब्लॉक पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन उनमें ड्रेनेज का काम अधूरा है। पिछली बार जेएनएसी ने एक माह के भीतर ड्रेनेज पूरा करने का भरोसा दिया था। मंगलवार को जेएनएसी से हुई बातचीत में जानकारी मिली कि एक ड्रेनेज तैयार हो चुका है, जबकि दूसरे में करीब 15 दिन और लगेंगे।

उन्होंने बताया कि जुडको के अधिकारी भी उनसे मिलने आए थे। जुडको को सड़क निर्माण का काम करना है। अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण स्थल पर टाटा स्टील का स्लैग पड़ा हुआ है। फिलहाल गड्ढों को भरकर सड़क को चलने लायक बनाया गया है।

स्थायी सड़क निर्माण का एस्टीमेट विभागीय सचिव के पास प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। अभी अस्थायी रूप से छाई भरकर सड़क तैयार की गई है। सरयू राय बुधवार सुबह मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे।

बिजली व्यवस्था को लेकर भी अलग-अलग दावे सामने आए हैं। बिजली विभाग का कहना है कि 192 घरों में मीटर लगाए जा चुके हैं, जबकि लाभार्थियों का दावा है कि केवल 85 घरों में ही मीटर लगे हैं। सरयू राय ने कहा कि वह बुधवार को मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जानकारी लेंगे।

उन्होंने बताया कि योजना में कई अन्य विसंगतियों की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। सूचना मिल रही है कि जिन लोगों के पास पहले से मकान है, उन्हें भी फ्लैट आवंटित कर दिए गए हैं, जबकि यह योजना बेघर लोगों के लिए बनाई गई है।

सरयू राय ने कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान इस बात पर है कि लाभार्थियों को जल्द से जल्द फ्लैट की चाबी मिल जाए, क्योंकि वे बैंक ऋण और किराए के दोहरे बोझ से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि वह एक बार फिर मंत्री से बात कर लाभार्थियों को चाबी देने की निश्चित तारीख तय करने का आग्रह करेंगे।

  • टाउन पोस्ट एक स्वतंत्र और विश्वसनीय समाचार पोर्टल है, जो पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

हमें फॉलो करें

ताज़ा खबरों और अपडेट के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading